दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसे में बिजनेसमैन परिवार के छह लोग घायल
अलवर{ गहरी खोज }: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में जयपुर के एक बिजनेसमैन परिवार के छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अलवर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बड़ौदामेव थाना प्रभारी मोहन गुर्जर के अनुसार हादसा सुबह करीब 4:30 से पांच बजे के बीच हुआ। जयपुर के दादी का फाटक निवासी बिजनेसमैन पुनीत अग्रवाल (42) अपने परिवार मां अल्का अग्रवाल (66), पत्नी बबीता अग्रवाल (38) और दो बेटों सौम्य (9) व लक्ष्य (11) के साथ हरिद्वार से लौट रहे थे। इसी दौरान एक्सप्रेसवे पर अचानक एक पिकअप वाहन उनकी अर्टिगा कार के सामने आ गया। उसे बचाने की कोशिश में कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। आशंका जताई जा रही है कि पिकअप चालक को झपकी आने के कारण यह स्थिति बनी।
कार चालक अमित चौधरी ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पिकअप और ट्रक चालक मौके से फरार हो गए। घायल लक्ष्य (11) ने बताया कि उनके पिता को सबसे ज्यादा चोटें आईं और वे काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार वाहनों की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
