ड्रग्स के मामले में वांछित कुख्यात गैंगस्टर गिरफ्तार
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (सदर्न रेंज) ने ड्रग्स के मामले समेत कई जघन्य अपराधों में वांछित एक कुख्यात स्थानीय गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और कोर्ट द्वारा भगोड़ा घोषित था। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आकाश उर्फ काना उर्फ भेड़ा उर्फ चुच्ची उर्फ भेंडा उर्फ आकाश पर्चा (29) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ मदनपुर खादर स्थित जेजे कॉलोनी का रहने वाला है।
क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने मंगलवार को बताया कि आरोपित थाना कालिंदी कुंज में दर्ज एफआईआर संख्या 673/2025 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत वांछित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिसके चलते 9 मार्च को अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया था।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार आरोपित एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, झपटमारी, ड्रग्स तस्करी, आर्म्स एक्ट, लूट और चोरी जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 14 आपराधिक मुकदमें दर्ज हैं। इसके अलावा वह थाना कालिंदी कुंज में दर्ज एक अन्य मामले (एफआईआर संख्या 0259/2026) में भी शामिल पाया गया है। जिसमें प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्यों पर हमले और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक गुप्त सूचना के आधार पर आरोपित को 19 अप्रैल को टीम ने हरियाणा के ओल्ड फरीदाबाद इलाके में छापेमारी कर दबोचा। यह कार्रवाई सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई, जिसमें आरोपित को बिना किसी प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने कई मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और यह भी बताया कि वह पिछले कई वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलता रहता था।
