क्या चीनी की जगह गुड़ यूज करने से मोटापा नहीं बढ़ता? जानें एक्सपर्ट ओपिनियन
लाइफस्टाइल डेस्क { गहरी खोज }:मोटापे से छुटकारा पाने और अपने आप को फिट रखने एक लिए लोग अपनी डाइट में खूब बदलाव कर रहे हैं। खासतौर पर ज़्यादातार लोग अब सफेद चीनी यानी रिफाइंड शुगर की जगह गुड़ को अपनी डाइट में शामिल कर रहे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या सच में चीनी की जगह गुड़ का सेवन करने से वजन नहीं बढ़ता या मोटापा कम होता है? इस विषय पर दिल्ली में स्थित पीएसआरआई हॉस्पिटल में हेड ऑफ़ डायटीशियन, शालिनी ब्लिस क्या कहती हैं, आइए जानते हैं।
गुड़ क्यों है हेल्दी विकल्प?
गुड़ को कम प्रोसेस्ड माना जाता है। इसमें आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। वहीं दूसरी ओर, सफेद चीनी पूरी तरह से रिफाइंड होती है और इसमें पोषक तत्व लगभग नहीं के बराबर होते हैं। यही वजह है कि लोग गुड़ को हेल्दी विकल्प मान लेते हैं।
गुड़ का ज्यादा सेवन है हानिकारक:
गुड़ और चीनी दोनों ही कैलोरी के मामले में लगभग समान होते हैं। दोनों में ही शुगर की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर में जाकर ऊर्जा देती है, लेकिन अधिक मात्रा में सेवन करने पर यही ऊर्जा फैट के रूप में जमा होने लगती है। इसका मतलब यह है कि यदि आप ज्यादा मात्रा में गुड़ खा रहे हैं, तो वजन बढ़ने का खतरा उतना ही रहता है जितना चीनी खाने से होता है।
कैलोरी इनटेक पर ध्यान देना है जरूरी
गुड़ धीरे-धीरे पचता है और ब्लड शुगर लेवल को अचानक से बहुत तेजी से नहीं बढ़ाता, जबकि चीनी तेजी से ग्लूकोज लेवल बढ़ा सकती है। लेकिन इसका यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि गुड़ को बिना सीमा के खाया जाए। वजन नियंत्रित रखने के लिए कुल कैलोरी इंटेक पर ध्यान देना सबसे ज्यादा जरूरी होता है।
सीमित मात्रा में करें सेवन:
एक्सपर्ट्स यह भी बताते हैं कि गुड़ का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए, खासकर उन लोगों को जो वजन कम करना चाहते हैं या डायबिटीज से पीड़ित हैं। दिनभर में 1-2 छोटी चम्मच से ज्यादा गुड़ लेना सही नहीं माना जाता। इसके अलावा, यह भी जरूरी है कि आप अपनी पूरी डाइट और फिजिकल एक्टिविटी पर ध्यान दें।
