अमृतसर में 450 करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

0
6231aef89df26606b3d1dcab003bfefb

चंडीगढ़{ गहरी खोज }: पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलीजेंस विंग ने सीमा पार से हो रही तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब 450 करोड़ रुपये कीमत की 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद करके दो तस्करों को काबू किया है। यह गैंग पाकिस्तानी तस्कर मूसा द्वारा चलाया जा रहा था। मूसा कुछ साल पहले भारत में उस समय चर्चा में आया था जब कस्टम ने यहां अटारी-बाघा बार्डर पर एक मालगाड़ी से 532 किलो हेरोइन बरामद की थी। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि अमृतसर में पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलीजेंस विंग के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि यह हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाई गई है, जिसे अब आगे सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने इससे पहले की पकड़ लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के तार विदेश में बैठे हैंडलर्स और पाकिस्तान के मूसा गैंग से भी जुड़े हुए हैं। यह गिरोह सीमा पार से ड्रग तस्करी कर पंजाब और अन्य राज्यों में सप्लाई करने का काम कर रहा था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सरवन सिंह गुर्जर निवासी अवा गांव और शमशेर सिंह गांव इकतियारनगर के रुप में हुई है। दोनों को गांव माहल के पास से पकड़ा गया है। मामले में पुलिस स्टेशन एसएसओसी अमृतसर में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच तेजी से जारी है। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचना और इसके सभी सहयोगियों को गिरफ्तार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *