महरौली में हनीट्रैप गैंग का भंडाफोड़, महिला समेत तीन लुटेरे गिरफ्तार
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दक्षिणी जिले के महरौली इलाके में हनीट्रैप के जरिए लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
दक्षिण जिले के पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने शुक्रवार को बताया कि मामला 14 अप्रैल को दर्ज एफआईआर संख्या 225/2026 से जुड़ा है। घटना 13 अप्रैल की है, जब बदरपुर-महरौली रोड पर गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल राजू सैनी और कांस्टेबल संजय को डीडीए पार्क के मुख्य गेट के पास एक व्यक्ति बैद्यनाथ कामत मिला। उसने बताया कि एक युवती ने उसे इशारे से बुलाया और इंडियन पार्क, एमबी रोड की दीवार के पास ले गई, जहां पहले से मौजूद दो युवकों ने चाकू की नोक पर उससे मोबाइल, बैग और नकदी लूट ली।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपितों का पीछा किया और एक आरोपित राहुल (29) को दबोचा। आरोपित लाडो सराय का रहने वाला है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया बटनदार चाकू और 750 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ और तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने बाकी दो आरोपित गुंगुन गांधी (22) और समीर (22) को 100 फीट रोड रेड लाइट के पास से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि गुंगुन गांधी हनीट्रैप के लिए बतौर डिकॉय काम करती थी, जबकि उसके साथी वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने उसके पास से पीड़ित का रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया, जबकि समीर के कब्जे से आधार कार्ड और डायरी मिली।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य आरोपित राहुल पहले भी लूट, आर्म्स एक्ट और चोरी के छह मामलों में शामिल रह चुका है, जबकि अन्य दोनों आरोपितों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार तीनों आरोपितों को अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया गया है।
