ब्रिगेडियर पर हमले के मामले में फरार चार आरोपित गिरफ्तार, इस्तेमाल की गई कार बरामद
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दक्षिण पश्चिम जिले के वसंत एन्क्लेव इलाके में सेना के ब्रिगेडियर और उनके बेटे पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए सभी फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले गिरफ्तार मुख्य आरोपित सतेंद्र के अलावा अब उसके चार अन्य साथियों को भी दबोच लिया गया है।
दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुरजीत सिंह (36), सुनील शर्मा (53), आशीष (32), सभी निवासी मेहरम नगर, दिल्ली और सतेंद्र (35) निवासी भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरजीत, मुख्य आरोपित सतेंद्र का परिचित है। घटना वाले दिन सभी आरोपित मेहरम नगर में साथ बैठे थे, तभी सतेंद्र का फोन आया, जिसमें वसंत एन्क्लेव में हुए झगड़े की जानकारी दी गई। इसके बाद सभी आरोपित सुरजीत की कार (सफेद रंग की हुंडई ऑरा) में सवार होकर मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने के बाद आरोपितों और ब्रिगेडियर के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित वहां से फरार हो गए और अपने-अपने घरों में छिप गए। मामले के दर्ज होने की जानकारी मिलते ही वे घर छोड़कर फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर अंततः सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई हुंडई ऑरा कार को भी बरामद कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है। आरोपितों से पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले वसंत एन्क्लेव इलाके में 11 अप्रैल की रात ब्रिगेडियर परमिंदर सिंह आरोड़ा और उनके बेटे तेजस पर उस समय हमला कर दिया गया था, जब उन्होंने अपनी रिहायशी इलाके के बाहर खड़ी कार में कुछ लोगों को शराब पीने से रोका था। इसी बात पर आरोपितों ने गुस्से में आकर दोनों के साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद मामला काफी चर्चा में रहा और पुलिस पर आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव था। अब सभी आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच को आगे बढ़ा दिया है।
