नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर ‘यह महिलाओं के नेतृत्व की दिशा में ऐतिहासिक कदम’ : भाग्यश्री

0
whatsappimage2023-05-03at10-09-10am-1683089870

मुंबई{ गहरी खोज }: देश में महिलाओं की भागीदारी और उनके अधिकारों को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है। इस बीच जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम सामने आया, तो इसे एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। यह कानून महिलाओं को बराबरी का हक देने और उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है। इसी मुद्दे पर अब फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री दसानी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
भाग्यश्री दसानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए इस अधिनियम का खुलकर समर्थन किया। वीडियो में भाग्यश्री कहती दिख रही है, “यह सच में एक ऐतिहासिक पल है, और इसके लिए मैं पीएमओ को बधाई देना चाहती हूं। यह कदम एक पॉलिसी से कहीं ज्यादा है। यह देश के लोकतंत्र के भविष्य के लिए एक मजबूत संकल्प है।”
अपने बयान में भाग्यश्री ने आगे कहा, ”महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना बेहद जरूरी है। जब महिलाओं को डिसीजन-मेकिंग टेबल पर मौका मिलता है, तो इससे पूरे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है। यह अधिनियम देश की हर लड़की के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है, क्योंकि अब वह खुद को देश के भविष्य को तय करने वाली शक्ति के रूप में देख सकती है।”
अपने वीडियो मैसेज में उन्होंने कहा, ”इस कानून से अब मां और बेटियों की आवाज सीधे देश के फैसलों में शामिल होगी। जब समाज के हर वर्ग की भागीदारी होती है, तभी सही मायनों में मजबूत देश का निर्माण होता है।” वीडियो में आगे भाग्यश्री दसानी ने कहा, ”मुझे इस बात पर गर्व महसूस होता है कि देश का भविष्य अब महिलाओं की ताकत और उनकी समझ के साथ बनाया जा रहा है। यह कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत आधार तैयार करेगा, जहां लड़कियां बड़े सपने देख सकेंगी और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी मिलेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *