त्रिपुरा टीटीएएडीसी चुनाव : पोलिंग स्टेशन पर हिंसा मामले में भाजपा विधायक समेत 35 पर एफआईआर

0

सोनमुरा{ गहरी खोज }: त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (टीटीएएडीसी) चुनाव के लिए वोटिंग के दिन सिपाहीजला जिले के बॉक्सनगर में एक पोलिंग स्टेशन के आसपास हुई हिंसा मामले में भाजपा विधायक तफ़ज्जल हुसैन और कुल 35 लोगों के खिलाफ कलमचौरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत टिपरा मोथा दल के सदस्य अभिराम देबबर्मा ने दर्ज कराई है। उनका अभी बिश्रामगंज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि घटना वाले दिन विधायक तफज्जल हुसैन अचानक करीब 200 समर्थकों के साथ पोलिंग स्टेशन पर पहुंच गए। इस वजह से वहां तनाव चरम पर पहुंच गया और हालात तेजी से बिगड़ गए।
प्राथमिकी में बताया गया है कि उस समय पोलिंग स्टेशन के आसपास बम फेंका गया था। टिपरा मोथा सदस्य ने आरोप लगाया है कि यह हमला मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने के इरादे से प्लान के साथ किया गया था। आरोप है कि जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में किया तो आरोपित वहां से भाग गए।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद इलाके में और सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल हालात काबू में हैं। हालांकि, इस घटना पर राजनीतिक हलकों में कड़ी प्रतिक्रियाएं आई हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपितों की पहचान करके कानूनी कार्रवाई करने की प्रक्रिया चल रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *