राज्यसभा में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित नए सदस्यों ने ली शपथ

0
28269ca911a127e262172c8db2da1579

नर्ई दिल्ली{ गहरी खोज }: संसद की विशेष तीन दिवसीय बैठक के पहले दिन गुरुवार को राज्यसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन सहित अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने शपथ ली। राज्यसभा ने सदन की पूर्व सदस्य मोहसिना किदवई और पार्श्व गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
तीन दिवसीय बैठक में कल राज्यसभा में महिला आरक्षण की राह प्रशस्त करने वाले संविधान संशोधन विधेयक और दो अन्य विधेयकों पर चर्चा शुरु होगी। आज लोकसभा में इसपर चर्चा हो रही है और कल इन्हें सदन से पारित कराया जाएगा।
राज्यसभा में सभापति सीपी राधाकृष्णन ने तेराश गोवाला (भाजपा असम), जोगेन मोहन (भाजपा असम), सुजीत कुमार (भाजपा ओडिशा), डॉ अभिषेक मनु सिंघवी (कांग्रेस तेलंगाना), वेम नरेंद्र रेड्डी (कांग्रेस तेलंगाना), विनोद कुमार तावड़े (भाजपा महाराष्ट्र), अनुराग शर्मा (कांग्रेस हिमाचल प्रदेश), संजय भाटिया (भाजपा हरियाणा), प्रमोद बोरो (यूपीपी (एल) असम), करमवीर सिंह बौद्ध (कांग्रेस हरियाणा), फूलो देवी नेतम (कांग्रेस छत्तीसगढ़), लक्ष्मी वर्मा (भाजपा छत्तीसगढ़), शिवेश कुमार (भाजपा बिहार), रामनाथ ठाकुर (जेडी(यू) बिहार) और उपेन्द्र कुशवाहा (आरएलएम बिहार) को शपथ दिलाई। उपसभापति ने सभी नए सदस्यों को बधाई दी।
नितिन नवीन ने एक्स पर कहा, आज संसद के उच्च सदन, राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेकर राष्ट्रसेवा के एक नए अध्याय का शुभारंभ कर रहा हूं। यह मेरे लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। मैं संकल्प लेता हूँ कि सदन में बिहार की आवाज को मुखरता से उठाते हुए, ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की प्राप्ति एवं जन-आकांक्षाओं की पूर्ति हेतु पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निरंतर कार्य करता रहूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *