बंगाल में भाजपा के लिए असली काम कर रहा है चुनाव आयोग : अभिषेक बनर्जी

0
476386c6ff2513463f54413944268c89

कोलकाता{ गहरी खोज }: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के बाद राज्य में सियासी घमासान तेज हो गया है। चुनाव प्रचार और रोड शो के बीच तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है।
सांसद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट पर आरोप लगाया कि चुनाव आयोग बंगाल में भाजपा के लिए असली काम कर रहा है। उन्होंने लिखा कि यदि कोई यह मानता है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह या योगी आदित्यनाथ बंगाल में भाजपा के ट्रंप कार्ड हैं, तो यह गलत है। उनके अनुसार, पर्दे के पीछे से वास्तविक भूमिका चुनाव आयोग निभा रहा है और भाजपा के निर्देशों के अनुसार काम कर रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा आदेश देती है और चुनाव आयोग उसे मानने के लिए बाध्य रहता है। कहा कि चुनावी माहौल में उनके परिवार और तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।
इसी बीच केंद्र सरकार ने बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था के तहत बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की है। करीब 2550 कंपनियों की तैनाती को लेकर भी राजनीतिक बहस तेज हो गई है। अभिषेक बनर्जी ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इन बलों की अधिक जरूरत अन्य राज्यों में है, लेकिन उन्हें बंगाल में लगाया जा रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को डराने और दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन चुनाव परिणाम के बाद स्थिति बदल जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग आज उनके कार्यकर्ताओं को रोकने या धमकाने की कोशिश कर रहे हैं, वे परिणाम के बाद राज्य में नहीं दिखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *