बिहार के सीएम बने सम्राट चौधरी, अमित शाह, राजनाथ सिंह और नीतीश कुमार ने दी बधाई

0
671433458_1432039382270407_1606466152580796030_n

नई दिल्ली{ गहरी खोज }:बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्राट चौधरी को बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी। पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व में बिहार के और तेजी से विकास करने की उम्मीद जताई।
नीतीश कुमार ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”आज बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में बिहार और तेजी से विकसित होगा और देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।”
इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, “सम्राट चौधरी को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री के रूप में आपके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए जिस संकल्प भावना के साथ बिहार की जनता की दिन-रात सेवा कर रहा था, मुझे विश्वास है कि आपके नेतृत्व में उसे और भी गति मिलेगी। साथ ही, एक सुरक्षित एवं विकसित बिहार के निर्माण की दिशा में एनडीए की डबल इंजन सरकार और अधिक ऊर्जा के साथ कार्य करेगी।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा, “बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर सम्राट चौधरी और उनके साथ उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव को बहुत-बहुत बधाई। बिहार की यह नई एनडीए टीम ऊर्जा और अनुभव का संगम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में यह सरकार बिहार की जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ राज्य के विकास को एक नई बुलंदी पर ले जाएगी। मैं बिहार की इस नई टीम को एक अत्यंत सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं देता हूं।”
केंद्रीय राजमार्ग एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर लिखा, ”बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर सम्राट चौधरी का और उनके साथ उप-मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर विजय चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव का हृदय से अभिनंदन करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और आपके नेतृत्व में बिहार और भी समृद्ध बनेगा एवं विकास की नई ऊंचाईयों को स्पर्श करेगा, यह मुझे विश्वास है। आपके यशस्वी कार्यकाल के लिए आपको अनेक शुभकामनाएं।”
बता दें कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है। सम्राट चौधरी ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। वहीं, जेडीयू नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *