बिहार के सीतामढ़ी में दम घुटने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत

0
e9a34d14-8e44-42c1-8988-191b315f3884_1772608947492

पटना{ गहरी खोज }: बिहार के सीतामढ़ी जिले में होली का उत्सव उस समय मातम में बदल गया, जब सेप्टिक टैंक में गिरे एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना बोखरा प्रखंड के कुरहर गांव की है, जहां मंगलवार देर शाम करीब 7 बजे यह हादसा हुआ। बोखरा थाना क्षेत्र के कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 13 में एक व्यक्ति शौचालय के सेप्टिक टैंक में गिर गया। उसे बचाने के लिए एक-एक कर कई लोग टैंक के अंदर उतरते गए। टैंक के भीतर जहरीली गैस भरी होने और पर्याप्त हवा का संचार नहीं होने के कारण सात लोग गंभीर रूप से अचेत हो गए।
ग्रामीणों की तत्परता से सभी को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल, सीतामढ़ी रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान राजीव सहनी (40 वर्ष), पिता – लालू सहनी, रविन्द्र सहनी (30 वर्ष), पिता – लालू सहनी, विनय सहनी (26 वर्ष), पिता –रामबाबू और कृष्ण कुमार (12 वर्ष), पिता – राजीव सहनी के रूप में हुई है। सभी मृतक कुरहर पंचायत के वार्ड संख्या 12 के निवासी बताए गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने बताया कि सेप्टिक टैंक की गहराई अधिक थी और अंदर जहरीली गैस भरी थी। एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में अन्य लोग भी अंदर उतर गए, जिससे दम घुटने की घटना हुई।
स्थानीय स्तर पर कुछ लोग दबी जुबान से यह भी चर्चा कर रहे हैं कि टैंक के अंदर अवैध रूप से शराब बनाने का कार्य किया जाता था, जिससे जहरीली गैस का रिसाव हुआ। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बिना सुरक्षा उपायों के सेप्टिक टैंक या बंद स्थानों में उतरना कितना खतरनाक हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *