स्टॉक मार्केट में श्याम धनी इंडस्ट्रीज की धमाकेदार एंट्री, निवेशकों को दोगुना फायदा

0
5f1a3232f4994ec8cd4a10f107930721_494582940

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: मसाले बनाने वाली कंपनी श्याम धनी इंडस्ट्रीज के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में धमाकेदार एंट्री करके लिस्टिंग के साथ ही तहलका मचा दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 70 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज एनएसई के इमर्ज प्लेटफॉर्म पर इसकी लिस्टिंग 90 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 133 रुपये के स्तर पर हुई।
लिस्टिंग के बाद हुई लिवाली के कारण कंपनी के शेयरों के भाव में और तेजी आ गई। दिन के पहले सत्र का कारोबार खत्म होने तक कंपनी के शेयर 138 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को 97.14 प्रतिशत का मुनाफा हो चुका है। श्याम धनी इंडस्ट्रीज का 38.48 करोड़ रुपये का आईपीओ 22 से 24 दिसंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 988.29 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 256.24 गुना सब्सक्राइब हुआ था। वहीं नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 1,612.65 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसी तरह रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1,137.92 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 54,98,000 नए शेयर जारी किए गए हैं।
आईपीओ के जरिये जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी मौजूदा यूनिट में नई मशीनरी लगाने, सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने, मार्केटिंग और ब्रांड क्रिएशन पर खर्च, पुराने कर्ज के बोझ को कम करने, अपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास जमा कराए गए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 2.92 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़ कर 6.30 करोड़ रुपये और 2024-25 में उछल कर 8.04 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
मौजूदा वित्त वर्ष की बात करें, 2025-26 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी को 4.20 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इस दौरान कंपनी की आय 16 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 124.75 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गई। वहीं मौजूदा वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के दौरान कंपनी को 63.83 करोड़ रुपये की आय हो चुकी है। इस दौरान कंपनी पर कर्ज का बोझ भी बढ़ता गया। 2025-26 की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के अंत में कंपनी पर 48.18 करोड़ रुपये का कर्ज था। इस अवधि में कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो वित्त वर्ष 2022-23 के आखिरी में ये 8.12 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2023-24 के आखिरी में बढ़ कर 14.42 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024-25 के आखिरी में फिसल कर 8.73 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। 2025-26 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 12.93 करोड़ रुपये के स्तर तक पहुंच गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *