प्रधानमंत्री को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दी बधाई, दूरदर्शी संकल्प और नेतृत्व के प्रति पूर्ण समर्थन व्यक्त किया

0
721025559_1460334712796345_2787768206145771610_n

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को प्रस्ताव पारित कर 10 जून को भारतीय लोकतंत्र की यात्रा का ऐतिहासिक पड़ाव बताया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। प्रस्ताव के अनुसार “नरेन्द्र मोदी ने 4,399 दिनों की निरंतर सेवा पूरी कर पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।”
मंत्रिमंडल ने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय लोकतंत्र की शक्ति, जनभागीदारी और जनता के विश्वास का प्रतीक है। प्रस्ताव में उल्लेख किया गया कि यह अवसर ऐसे समय आया है जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ने अपने 12 वर्ष पूरे किए हैं और वे लगभग 25 वर्षों की सतत शासन यात्रा के निकट पहुंच रहे हैं।
प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन को राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण बताया गया। इसमें कहा गया कि “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र के साथ गरीबों के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा गया। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आवास, बिजली, स्वच्छ जल, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण, 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन तथा करोड़ों गरीबों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण को भी प्रस्ताव में प्रमुखता से रेखांकित किया गया। स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र के विस्तार, चंद्रयान मिशन, महिला आरक्षण, लखपति दीदी अभियान और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी पहलों का उल्लेख किया गया।
प्रस्ताव में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, जीएसटी, वन रैंक वन पेंशन, नागरिकता संशोधन अधिनियम, नए आपराधिक कानूनों तथा श्रम सुधारों को महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया गया। राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई, आत्मनिर्भर भारत, जी-20 की सफल अध्यक्षता तथा वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती भूमिका को भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में रेखांकित किया गया।
केन्द्रीय मंत्री अश्वनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केन्द्र में कैबिनट के फैसलों और प्रस्ताव की जानकारी दी। उनके अनुसार पिछले 12 वर्षों की राजनीतिक स्थिरता, गतिशील शासन और दूरदर्शी नीतियों ने भारत को विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था में बदल दिया है। इस बात को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गहरी कृतज्ञता और भविष्य के संकल्प को व्यक्त करने के लिए निम्नलिखित प्रस्तावों को आधिकारिक तौर पर अपनाया।
प्रस्तावों के अनुसार, “केंद्रीय मंत्रिमंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करता है। गरीब कल्याण एवं वंचित वर्गों के सशक्तिकरण हेतु उनके नेतृत्व में हुए कार्यों के लिए आभार व्यक्त करता है। उनके नेतृत्व में भारत के 25 करोड़ से अधिक गरीबों ने, गरीबी को परास्त किया है, इसके लिए माननीय पीएम की नीतियों की सराहना करता है। राष्ट्र सेवा के प्रति उनके अद्वितीय समर्पण एवं अथक परिश्रम के लिए कृतज्ञता प्रकट करता है। समावेशी विकास एवं सामाजिक न्याय की दिशा में किए गए उनके प्रयासों की सराहना करता है।राष्ट्रीय सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा भारत के हितों की रक्षा हेतु उनके नेतृत्व की प्रशंसा करता है। विकसित भारत के निर्माण के उनके दूरदर्शी संकल्प और नेतृत्व के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त करता है। साथ ही केंद्रीय मंत्रिमंडल, प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य के लिए, उनके दीर्घायु होने के लिए अपनी शुभकामनाएं अर्पित करता है।”
इसके अलावा आज प्रधानमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। उनका कहना था कि पिछले बारह वर्षों में, उन्होंने स्थिरता, पारदर्शिता और सुशासन, समावेशी विकास और राष्ट्रीय प्रगति के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के साथ नेतृत्व प्रदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *