मणिपुर में दो उग्रवादी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद

0
9721b3144d97534ebd31baa737dd4dde

इंफाल{ गहरी खोज }: मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा उग्रवादियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चंदेल जिले में चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। वहीं, इंफाल ईस्ट और टेंग्नौपाल जिलों से दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय ने बुधवार काे बताया कि 09 जून को सुरक्षा बलों ने चंदेल जिले के चकपिकारोंग थानांतर्गत आइगेजांग इलाके में अभियान चलाते हुए भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया। बरामद सामानों में एक 0.22 राइफल, मैगज़ीन के साथ एक स्थानीय रूप से बनी 9 एमएम पिस्तौल, पांच स्थानीय रूप से बनी सीएमजी, चार स्थानीय रूप से बनी लाथोड गन, 1.2 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ और तीन बाओफेंग रेडियो सेट शामिल हैं।
इसी दिन सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट जिले के पोरोमपट थानांतर्गत पोरोमपट में जेएनआईएमएस मेन गेट के पास से उग्रवादी संगठन केसीपी (ताइबांगनबा) के एक सक्रिय सदस्य, हाओबिजम हरिदास सिंह उर्फ खोंगनांग (43) (जो वांगू सागांग बाज़ार, बिष्णुपुर जिले का रहने वाला है) को गिरफ़्तार किया।
इसके अलावा, 08 जून को सुरक्षा बलों ने टेंग्नौपाल जिले के मोरेह थानांतर्गत बार्डर पोस्ट (बीपी) 76 इलाके से उग्रवादी संगठन केवाईकेएल के एक सक्रिय सदस्य, खोइराकपाम जेम्स सिंह (28) (जो आंग सेकमाई खुनौ, इंफाल वेस्ट जिले का रहने वाला है) को गिरफ़्तार किया।
पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। सुरक्षा बलों का कहना है कि राज्य में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उग्रवादियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *