मोदी सरकार के 12 वर्षों में गरीब कल्याण और विकास साथ-साथ चले : अमित शाह

0
32076db0d4cd58ae6e754c452ddb118e

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में कल्याणकारी योजनाओं, बुनियादी ढांचे, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक विकास के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की है। अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि नरेन्द्र मोदी ने आज के ही दिन तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। मोदी के नेतृत्व में इन 12 वर्षों में देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को समांतर रूप से चरितार्थ होते देखा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बिना एक दिन का अवकाश लिए निरंतर देश और देशवासियों की सेवा की है। इस अवधि में सरकार ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया, देशभर में 90 से अधिक नए हवाई अड्डे और 140 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें शुरू कीं।
शाह के अनुसार, चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान दिए गए, 1.45 लाख किलोमीटर सड़कों तथा 3,000 किलोमीटर से अधिक आधुनिक एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ। गृह मंत्री ने कहा कि 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवरेज मिला और 10 करोड़ से अधिक परिवारों को एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। उन्होंने दावा किया कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन चुका है। शाह ने कहा कि ऐसा परिवर्तन तभी संभव है जब नेतृत्व की नीयत साफ हो, लक्ष्य राष्ट्रीय हित हो और समर्पण पूर्ण हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *