असम मंत्रिमंडल के विभागों का हुआ आवंटन, मुख्यमंत्री के पास गृह, लोक निर्माण, ऊर्जा

0
df5d368d736c4e6cd7cac0f6266461b2

गुवाहाटी{ गहरी खोज }: असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के बीच विभागों का आवंटन कर दिया। हाल में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सभी कैबिनेट मंत्रियों को उनके-उनके विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा अपने पास गृह एवं राजनीतिक, लोक निर्माण (भवन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क), ऊर्जा तथा जनसंपर्क विभाग रखेंगे। जयंत मल्लबरुवा को वित्त, पर्यावरण एवं वन तथा खान एवं खनिज विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, केशव महंत को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन तथा सामान्य प्रशासन विभाग सौंपे गए हैं।
अशोक सिंघल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग का दायित्व दिया गया है। पीयूष हजारिका कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य विभाग संभालेंगे, जबकि डॉ. रणोज पेगु विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य (मैदानी क्षेत्र) तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का नेतृत्व करेंगे।
अश्विनी राय सरकार को सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण, भूमि संरक्षण तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिए गए हैं। बिमल बोरा को सांस्कृतिक कार्य, उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम तथा एक्ट ईस्ट नीति विभाग सौंपा गया है। विश्वजीत दैमारी को हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उद्योग, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता, स्वदेशी एवं जनजातीय आस्था एवं संस्कृति तथा खेल विभागों की जिम्मेदारी मिली है।
कौशिक राय खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले तथा आवास एवं शहरी कार्य विभाग संभालेंगे। कृष्णेंदु पाल को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पर्वतीय क्षेत्र एवं बराक घाटी विकास विभाग दिया गया है। नीलिमा देवी पशुपालन, पशु चिकित्सा एवं मत्स्य विभाग की जिम्मेदारी निभाएंगी, जबकि सुशांत बरगोहाईं को जल संसाधन एवं न्यायिक विभाग सौंपे गए हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद विभागों के इस आवंटन के साथ राज्य सरकार ने प्रशासनिक कार्यों को गति देने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में कदम बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने सभी नवदायित्व प्राप्त कैबिनेट मंत्रियों को शुभकामनाएं और बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *