आसनसोल रेलपार हिंसा मामला : पुलिस चौकी पर हमले में 21 आरोपित गिरफ्तार
बर्दवान{ गहरी खोज }: आसनसोल के रेलपार इलाके में पुलिस चौकी पर हमले और उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। रविवार को गिरफ्तार सभी आरोपितों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में सिर्फ रेलपार इलाके के निवासी ही नहीं, बल्कि पुराना स्टेशन और रंगनियां पाड़ा क्षेत्र के कुछ लोग भी शामिल हैं। इससे जांच एजेंसियों को संदेह है कि घटना में बाहरी तत्वों की भी भूमिका हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात जहांगीर मोहल्ला स्थित फैज-ए-आमबाग पुलिस फाड़ी में माइक नियम को लेकर विवाद के बाद भारी बवाल हो गया था। उग्र भीड़ ने पुलिस चौकी पर हमला कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा था। घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो क्लिप के आधार पर आरोपितों की पहचान शुरू की। लगातार छापेमारी के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें से 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच लगातार जारी है और हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का बयान राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी हालत में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि हिंसा में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाके में शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखी जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने आम लोगों से भी शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
