‘भारतीय समुदाय का स्नेह और प्रेम अत्यंत उत्साहवर्धक’, पीएम मोदी का स्वीडन में गर्मजोशी से स्वागत

0
202605173791578

स्टॉकहोम{ गहरी खोज }: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को स्वीडन पहुंच गए हैं। स्वीडिश पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन ने उनका गुटेनबर्ग हवाई अड्डे पर गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गुटेनबर्क हवाई अड्डे का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में हवाई अड्डे के बाहर इकट्ठा हुए भारतीय समुदाय के लोग मोदी-मोदी और जय श्रीराम के नारे लगा रहे हैं। वहीं, पीएम मोदी भी दोनों हाथ उठाकर उनका अभिवादन करते नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि गुटेनबर्ग में भारतीय समुदाय का स्नेह और प्रेम वास्तव में अत्यंत उत्साहवर्धक था। भारत के साथ उनका गहरा जुड़ाव और भारत-स्वीडन संबंधों को मजबूत करने में उनका योगदान हम सभी के लिए बहुत गर्व की बात है।
भारत के प्रधानमंत्री रविवार और सोमवार को स्वीडन में रहेंगे। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर ये यात्रा हो रही है। दौरे के दौरान दोनों नेता भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करेंगे और व्यापार, निवेश तथा नई तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
भारत और स्वीडन के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2025 में 7.75 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। दोनों देशों के बीच पर्यावरण हितैषी तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), उभरती प्रौद्योगिकियां, स्टार्टअप, लचीली सप्लाई चेन, रक्षा, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने पर विशेष फोकस रहेगा।
स्वीडन में भारत के राजदूत अनुराग भूषण के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वीडन दौरा दोनों देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने, सहयोग बढ़ाने और लोगों के बीच जुड़ाव को गहरा करने के लिए बहुत जरूरी है।
भूषण ने कहा कि स्वीडन में रहने वाले भारतीय इस दौरे को लेकर बहुत उत्साहित हैं, जिससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक जुड़ाव और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, स्वीडिश पीएम उल्फ क्रिस्टर्सन के बुलावे पर आ रहे हैं। तो बेशक वे क्रिस्टर्सन और उनकी लीडरशिप टीम के साथ द्विपक्षीय कंसल्टेशन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री स्वीडन की बिजनेस कम्युनिटी के साथ भी बातचीत करेंगे। वे यूरोपीय राउंडटेबल ऑफ इंडस्ट्री के सदस्यों को भी संबोधित करेंगे, जो यूरोप की टॉप कंपनियों का एक ग्रुप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *