दमोह में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पंचायत सचिव और चौकीदार गिरफ्तार

0
80ad256c411d95f2c1fd1dfc7505c64a

दमोह{ गहरी खोज }: मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त संगठन की टीम ने दमोह जिले की तेजगढ़ ग्राम पंचायत में ट्रैप कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव और चौकीदार को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तेजगढ़ निवासी महेंद्र कोष्टी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी उषा कोष्टी के नाम से स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किश्त जारी करने और जियो टैगिंग कराने के बदले पंचायत सचिव जुगराज सिंह रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत में बताया गया कि सचिव द्वारा कुल 10 हजार रुपये मांगे गए थे। मामले की शिकायत लोकायुक्त सागर कार्यालय में की गई, जिसके बाद शिकायत का सत्यापन कराया गया। जांच में यह पुष्टि हुई कि आरोपी सचिव पहले ही 4 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद सोमवार को लोकायुक्त सागर की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव जुगराज सिंह और चौकीदार गुड्डा रैकवार को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, निरीक्षक रंजीत सिंह सहित लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *