मध्य प्रदेश के बरगी क्रूज हादसे में दो और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हुई

0
88ade301d1e57f25fdd70d817b264a93

जबलपुर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। इसी बीच रेस्क्यू टीम को शनिवार को दिनभर चले सघन सर्च ऑपरेशन के बाद दो बच्चों के और शव मिले हैं। हालांकि अभी भी दो लोग लापता है।
दरअसल, जबलपुर स्थित बरगी डैम में क्रूज हादसे के बाद लापता चार लोगों की तलाश की जा रही है। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ के साथ सेना जवान भी सर्चिंग में जुटे हैं। शनिवार शाम तक सर्चिंग के दौरान एक सफलता हाथ लगी, जिसमें दो बच्चों के शव मिले हैं। मृतक की पहचान 5 वर्षीय विराज सोनी के रूप में हुई है, जो श्री कृष्ण सोनी का पुत्र और कोतवाली क्षेत्र का निवासी था। वहीं, दूसरे शव की पहचान श्रीतमिल (5) पुत्र कामराज निवासी वेस्टलैंड खमरिया के रूप में हुई है। इस दुखद बरामदगी के बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। हादसे के बाद से अब भी दो लोग लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
गोताखोरों और बचाव दल की टीमें मौके पर मुस्तैदी से तैनात हैं और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं, ताकि बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। लापता लोगों की खोज के लिए रात में भी सर्चलाइट की मदद से अभियान चलाया जा रहा है, जिससे जल्द से जल्द सभी का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम करीब 5 बजे पर्यटन विभाग का एक क्रूज अचानक आई तेज आंधी के चलते डूब गया था। हादसे के वक्त क्रूज में 45 से अधिक पर्यटक मौजूद थे। शुक्रवार शाम तक चले राहत एवं बचाव अभियान के दौरान नौ लोगों के शव बरामद कर लिये थे, जबकि 29 लोगों को बचा लिया गया था। शुक्रवार शाम को रेस्क्यू के दौरान तेज बारिश भी होने लगी, जिसके चलते सर्चिंग रोक दी गई थी। शनिवार सुबह ही सर्चिंग शुरू कर दी गई थी। फिलहाल दो बच्चों के शव मिल गए हैं, बाकी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *