परोपकारी कार्यों और अर्थव्यवस्था में जैन समुदाय का अतुलनीय योगदान : किरेन रिजिजू
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य एवं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था एवं शिक्षा के क्षेत्र में जैन समुदाय की हमेशा से महत्वपूर्ण भूमिका रही है। किरेन रिजिजू ने यह बात आज मध्य प्रदेश के इंदौर में राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) की ओर से आयोजित विशेष सेमिनार में वीडियो संदेश के माध्यम से कही। “भारतीय अर्थव्यवस्था, शिक्षा और परोपकार में जैन समुदाय का योगदान” विषयक इस सेमिनार में शिक्षाविद, समाजसेवी और समुदाय के नेताओं ने राष्ट्र निर्माण में किए गए महत्वपूर्ण योगदानों को रेखांकित किया। इस अवसर पर किरेन रिजिजू ने कहा कि जैन समुदाय का सेवाभाव पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है। यह समुदाय अस्पतालों, धर्मशालाओं, गौशालाओं और सामुदायिक रसोई के माध्यम से मानवता की निःस्वार्थ सेवा करता रहा है। जैन उद्यमियों ने भारत की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह समुदाय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देता रहेगा।
