डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों पर चल रही दिल्ली सरकार: मुख्यमंत्री
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पूरे देश में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। इसी मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी अंबेडकर मेमोरियल पहुंचकर बाबासाहेब को पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर भारतीय लोकतंत्र के सबसे मजबूत स्तंभ हैं, जिनकी वजह से आज देश में लोकतंत्र की मजबूत नींव खड़ी है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बाबासाहेब ने जो संविधान देश को दिया, वह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा है। उन्होंने बताया कि भारत का हर नागरिक बाबासाहेब को युगों-युगों तक याद करता रहेगा, क्योंकि उन्होंने समानता, न्याय और अधिकारों की जो नींव रखी, उसी पर आज पूरा देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार बाबासाहेब के बताए रास्ते पर चलकर काम कर रही है और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचाने की कोशिश कर रही है।
रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में यह भी कहा कि सरकार लगातार ऐसी नीतियां बना रही है जिससे हर व्यक्ति का जीवन सम्मानपूर्वक और बेहतर बन सके। उनका कहना है कि बाबासाहेब ने हमेशा समानता और सामाजिक न्याय की बात की और उसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज वह खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें बाबासाहेब के चरणों में नमन करने का अवसर मिला।वहीं, भाजपा सांसद अरुण सिंह ने भी बाबासाहेब को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब न सिर्फ संविधान के निर्माता हैं बल्कि उनके विचार आज भी हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबासाहेब से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को विकसित किया गया है और उनके सम्मान में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
अरुण सिंह ने कहा कि संविधान दिवस पर विशेष चर्चा और कार्यक्रम आयोजित करना भी बाबासाहेब के प्रति सम्मान का ही एक हिस्सा है। उन्होंने यह भी कहा कि आज सभी लोग यह संकल्प लेते हैं कि बाबासाहेब के बताए रास्ते पर चलेंगे और संविधान का पूरी ईमानदारी से पालन करेंगे।
