लोकसभा अध्यक्ष, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल व महाराष्ट्र के राज्यपाल ने अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

0
c8f220474c95656befaf286080db3f8a

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा ने भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बाबासाहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का जीवन एक महान संघर्ष की साहसिक गाथा है। विषम परिस्थितियों के बावजूद भी उन्होंने तमाम ऊँचाइयों को छुआ और अपने अदम्य साहस, कठोर परिश्रम व शिक्षा के बल पर न केवल स्वयं को स्थापित किया बल्कि करोड़ों वंचितों व शोषितों के लिए आशा की नई किरण बन गए।”
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आगे लिखा कि उन्होंने समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के मूल्यों को जीवन का ध्येय बनाया और इन्हीं आदर्शों को भारत के संविधान में समाहित कर राष्ट्र को एक सशक्त दिशा प्रदान की। बाबासाहेब हमारे राष्ट्र के वह विशिष्ट रत्न हैं, जिनके जीवन व कार्यों ने स्वतंत्रता पूर्व एवं पश्चात की पीढ़ियों को प्रभावित किया और प्रेरणा के अविरल पुंज बन गए।”
उन्होंने लिखा कि संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष के रूप में, उन्होंने एक ऐसा दूरदर्शी दस्तावेज देश को दिया, जो आज भी लोकतंत्र की मजबूत नींव है और हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा करता है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि शिक्षा, जागरूकता और संगठित प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। आज जब हम विकसित और समावेशी भारत के निर्माण की दिशा में अग्रसर हैं, बाबासाहेब के विचार और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। उनका संघर्ष और दर्शन हमें अन्याय, असमानता और भेदभाव के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। डॉ. अम्बेडकर का प्रेरणादायी जीवन और उनके आदर्श सदैव हमें एक न्यायपूर्ण, समरस और सशक्त भारत के निर्माण के लिए मार्गदर्शन करते रहेंगे।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिखा कि डॉ. बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर की जन्म-जयंती पर उन्हें सादर नमन। वे भारत की सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना के एक परिवर्तनकारी शिल्पकार के रूप में जाने जाते हैं। आइए, हम उनके सिद्धांतों के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता का संकल्प लें और आपसी विश्वास व भाईचारे पर आधारित एक एकजुट, न्यायपूर्ण व करुणावान समाज का निर्माण करें।
वहीं, महाराष्ट्र के राज्यपाल ने लोक भवन में डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मंगलवार को मुंबई के लोक भवन में, भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर, उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवारे, लोक भवन के कर्मचारी और अधिकारी और राज्य पुलिस के जवान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *