नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का सजीव प्रसारण, महिलाओं ने मिस कॉल देकर दर्ज कराया समर्थन

0
9be4bb742eeacd2d74e3316f576103b3

कानपुर{ गहरी खोज }: नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का सजीव प्रसारण सोमवार को कानपुर जनपद के सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में किया गया। कार्यक्रम में जनपद की बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया। इस दौरान महिलाओं ने टोल-फ्री नंबर 9667173333 पर मिस कॉल देकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति अपना समर्थन भी दर्ज कराया।
विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की लगभग 33 प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं रक्षा, अंतरिक्ष, प्रशासन, विज्ञान और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही हैं।
विधायक घाटमपुर सरोज कुरील ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा, स्वावलंबन और नेतृत्व के माध्यम से हर क्षेत्र में अपनी सशक्त पहचान बना रही हैं और सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत बन रही हैं।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जनपद में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सृजन और शक्ति का आधार माना गया है तथा आज महिलाएं सामाजिक, आर्थिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज विभाग तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। एनआरएलएम से रानी कमल, पूजा वर्मा, रीना सिंह एवं नीरज देवी उपस्थित रहीं। ग्राम पंचायतों से सुलेखन कुशवाहा, दीक्षा पटेल एवं पूनम निषाद ने भाग लिया। वहीं पंचायती राज विभाग से दीक्षा, श्रेया गौतम, प्रतिमा, रोशनी कश्यप तथा दीप लक्ष्मी की उपस्थिति रहीं। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों वंदना सरिता, मालती देवी, गरिमा यादव, रेनू कुमारी तथा संगीता श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण के प्रति सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *