बंगाल में बन रही भाजपा सरकार, जनता का मिल रहा समर्थन: मनोज तिवारी

0
manoj-tiwari-1

कोलकाता{ गहरी खोज }: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार राज्य में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मनोज तिवारी ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जिस प्रकार से बंगाल की जनता भाजपा को समर्थन और प्रेम दे रही है, उससे यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि सत्ता परिवर्तन तय है। तिवारी ने जोर देकर कहा कि राज्य में बदलाव की आवश्यकता है और जनता अब इसके लिए तैयार है।
मनोज तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर निशाना साधते हुए कहा कि अब यह पार्टी मुद्दों के बजाय अफवाहों पर राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास ठोस मुद्दे नहीं होते, तो वह भ्रम फैलाने का सहारा लेता है। मिथिला क्षेत्र के उदाहरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खान-पान और पहनावे की स्वतंत्रता हर व्यक्ति का अधिकार है और भाजपा का “सबका साथ, सबका विकास” का नारा इसी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अब अफवाहों से गुमराह नहीं होगी और विकास की राजनीति को चुनेगी। विश्वास जताते हुए कहा कि आने वाले समय में राज्य की जनता भाजपा को सत्ता में लाकर एक नई दिशा देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने राज्य की गरिमा को नुकसान पहुंचाया है, जिसे सुधारना बेहद जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए तिवारी ने कहा कि उनकी नीतियों के कारण देश में हर क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे जैसे हाईवे और पुलों का निर्माण, गरीबों के लिए योजनाएं और सुरक्षा व्यवस्था इन सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
इसके साथ ही उन्होंने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विधानसभाओं, संसद और नगर निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए। तिवारी ने कहा कि आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन इस कानून के समर्थन में है और कौन नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *