जलियांवाला बाग की दुखद घटना हुई

0
jaliawala-bagh-1586744591-1024x594

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: देश की आजादी के इतिहास में 13 अप्रैल का दिन एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। वह वर्ष 1919 का 13 अप्रैल का दिन था, जब जलियांवाला बाग में एक शांतिपूर्ण सभा के लिए एकत्र हुए हजारों भारतीयों पर अंग्रेज हुक्मरान ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं। पंजाब के अमृतसर जिले में ऐतिहासिक स्वर्ण मंदिर के नजदीक जलियांवाला बाग नाम के इस बगीचे में अंग्रेजों की गोलीबारी से घबराई बहुत सी औरतें अपने बच्चों को लेकर जान बचाने के लिए कुएं में कूद गईं। निकास का रास्ता संकरा होने के कारण बहुत से लोग भगदड़ में कुचले गए और हजारों लोग गोलियों की चपेट में आए।

देश-दुनिया के इतिहास में 13 अप्रैल की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-

1919 : अंग्रेज सैनिकों ने जलियांवाला बाग में शांतिपूर्ण सभा कर रहे निहत्थे भारतीयों पर गोली चला कर सैकड़ों की जान ले ली। इस दौरान हजारों लोग घायल हुए। इस घटना ने देश के स्वतंत्रता संग्राम का रूख मोड़ दिया।
1960 : फ्रांस ने सहारा मरूस्थल में परमाणु बम का परीक्षण किया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बना।
1973 : अपने सरल व्यक्तित्व और सशक्त अभिनय से हिंदी सिनेमा में एक अहम मुकाम रखने वाले अभिनेता बलराज साहनी का निधन।
1980 : अमेरिका ने मास्को में हो रहे ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों का बहिष्कार किया।
1984 : भारतीय क्रिकेट टीम ने शारजाह में पाकिस्तान को 58 रन से हराकर पहली बार एशिया कप जीता।
1997 : अमेरिका के युवा गोल्फ खिलाड़ी एल्ड्रिक टाइगर वुड्स ने 21 साल की उम्र में यूएस मास्टर्स चैंपियनशिप जीतकर सबसे कम उम्र में यह खिताबी विजय दर्ज की।
2004 : वेस्ट इंडीज के धाकड़ बल्लेबाज ब्रायन लारा ने एंटीगुआ में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए 400 रन की ऐतिहासिक पारी खेली।
2005 : भारत के विश्वनाथन आनंद ने चौथी बार विश्व शतरंज चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
2007 : भारत और रूस के कूटनीतिक संबंधों को 60 साल पूरे हुए।
2013 : पाकिस्तान के पेशावर में एक बस में धमाके से आठ लोगों की मौत।
2018 : इराक में शरकत के दक्षिण में स्थित सामर्रा में आईएस विरोधी लड़ाकों की अंत्येष्टि के दौरान हुए हमले में 25 की मौत, 18 अन्य घायल ।
2022 : इंडोनेशिया के पश्चिमी पापुआ में ट्रक दुर्घटना में 18 लोगों की मौत।
2024 : तुर्किये में एक पर्वत के ऊपर अंतालया शहर के बाहर ट्यूनेकटेपे केबल कार में फंसे 174 लोगों को 24 घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इस केबल कार की एक ट्रॉली 12 अप्रैल को खंभे से टकराकर खुल गई थी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी तथा सात अन्य घायल हो गये।
2025 : यूक्रेन के सूमी शहर में रूस के मिसाइल हमले में 30 से अधिक लोगों की मौत, 117 घायल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *