पश्चिम बंगाल चुनाव : तृणमूल का जाना तय, बंगाल में बदलाव की लहर : प्रधानमंत्री

0
525c9f5405489b92373eaee7c7d4474c
  • सिलीगुड़ी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से किया बदलाव का आह्वान

सिलीगुड़ी{ गहरी खोज }: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर बंगाल के प्रमुख शहर सिलीगुड़ी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोला और राज्य में बदलाव का आह्वान किया।
रविवार दोपहर कावाखाली मैदान में आयोजित इस रैली में भारी भीड़ जुटी। सभा स्थल पर पहुंचते ही प्रधानमंत्री ने लोगों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इतनी बड़ी भीड़ उन्होंने बहुत कम जगहों पर देखी है। उन्होंने दावा किया कि यह जनसमर्थन स्पष्ट संकेत है कि पश्चिम बंगाल में अब सत्ता परिवर्तन तय है।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का शासन अब समाप्त होने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य ने केवल भ्रष्टाचार और ठहराव देखा है। खासकर युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब राज्य का भविष्य उनके हाथ में है और उन्हें बदलाव के लिए आगे आना चाहिए।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि तृणमूल ने विकास के बजाय “सिंडिकेट और कटमनी संस्कृति” को बढ़ावा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार गहराई तक फैला हुआ है और आम जनता इससे परेशान है।
प्रधानमंत्री ने उत्तर बंगाल को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ बताते हुए क्षेत्र के विकास और रोजगार के लिए कई वादे किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर यहां की सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ से संबंध रखने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर को नुकसान पहुंचाने और उत्तर-पूर्व भारत को देश से अलग करने की साजिश रची थी और तृणमूल ने उन्हें समर्थन दिया।
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर देश की सुरक्षा और समृद्धि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसकी रक्षा व विकास भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने तृणमूल सरकार की नीति को “उपेक्षा और डर” की राजनीति करार देते हुए कहा कि अब जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।
आगामी चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि 4 मई के बाद नई सरकार बनेगी और राज्य में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा, “अब डर नहीं, भरोसा चाहिए – यही भाजपा का मंत्र है।” साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को जवाब देना होगा। कड़ी धूप के बावजूद रैली में भारी भीड़ उमड़ी, जिसे भाजपा अपनी जीत का संकेत मान रही है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने शनिवार को पूर्व बर्धमान, मुर्शिदाबाद और दक्षिण दिनाजपुर में भी जनसभाएं की थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *