दिल्ली में अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

0
f3f1091ea12f4c80c18aca2a2f80fc9c

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्वी जिले की पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने दिल्ली-एनसीआर और बिहार के बीच सक्रिय एक अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि इस कार्रवाई में छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 58.7 किलोग्राम गांजा तथा 5.31 लाख रुपए बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले दो आरोपियों को पकड़ा गया था, जबकि बाद की जांच के दौरान चार अन्य को गिरफ्तार किया गया। पांडव नगर पुलिस स्टेशन में 2 अप्रैल को दर्ज एफआईआर के अनुसार शुरुआत में दो आरोपियों-नदीम और मोनू उर्फ ​​अभिषेक को 45.760 किलोग्राम गांजे, 2.65 लाख रुपए के साथ गिरफ्तार किया गया था।
जांच के दौरान, एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड टीम ने तकनीकी निगरानी और मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस ने 9 अप्रैल को गाजियाबाद के लोनी से एक मुख्य आपूर्तिकर्ता शेर खान को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि शुरुआती कार्रवाई के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपना फोन बंद कर दिया था।
11 अप्रैल को एक और आरोपी पिंकी कौर उर्फ ​​डॉन को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 2.636 किलोग्राम गांजा, 2.66 लाख रुपए कैश और पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई। जांच में आगे पता चला कि यह नशीला पदार्थ बिहार से मंगाया जा रहा था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने दिल्ली में संजय झील के पास जाल बिछाया और बिहार के दो आपूर्तिकर्ताओं दीपक पटेल और विकास राय को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लगभग 10.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
कुल मिलाकर पुलिस ने 58.696 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 30 लाख रुपए है। इसके अलावा पुलिस ने 5,31,580 रुपए भी बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी एक संगठित सप्लाई चेन का हिस्सा थे, जो बिहार से थोक में गांजा मंगाते थे और दिल्ली-एनसीआर में किराए के ठिकानों पर जमा करके रखते थे। इस नशीले पदार्थ को छोटे-छोटे पाउच में पैक करके स्थानीय नेटवर्क के जरिए बांटा जाता था। अब तक किसी भी आरोपी का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *