ईडी ने सोना पप्पू केस में 2 लोगों को पूछताछ के लिए जारी किया समन
कोलकाता{ गहरी खोज }: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से जुड़े मामले में हावड़ा के ज्वाइंट कमिश्नर गौरव लाल और भूमाफिया जॉय कामदार को समन जारी किया है। दोनों से सोमवार को कोलकाता में पूछताछ हो सकती है। ईडी से जुड़े सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ईडी ने हावड़ा के ज्वाइंट कमिश्नर गौरव लाल और भूमाफिया जॉय कामदार को सोमवार को कोलकाता स्थिति ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं, टीएमसी के नेता भी इस मामले में जांच के दायरे में हैं। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में कई टीएमसी नेताओं की भूमिका भी सामने आ रही है, जिसके कारण वे जांच के दायरे में है। हाल ही में ईडी ने कोलकाता में आठ जगहों पर तलाशी अभियान चलाया था। तलाशी के दौरान लगभग 1.47 करोड़ रुपए की नकदी, लगभग 67.64 लाख रुपए के सोने के गहने और चांदी, साथ ही कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। तलाशी के दौरान एक फॉर्च्यूनर गाड़ी भी जब्त की गई, जिसका इस्तेमाल सोना पप्पू करता था।
इसके अलावा, दक्षिण कोलकाता के फर्न रोड स्थित विश्वजीत पोद्दार के घर से एक रिवॉल्वर बरामद की गई, जिस पर ‘मेड इन यूएसए’ लिखा हुआ था। ईडी ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और निडर चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में प्रवर्तन निदेशालय के योगदान के तौर पर, इसे पश्चिम बंगाल पुलिस विभाग को सौंप दिया गया।
विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू के अलावा अन्य आरोपियों पर दंगा करने, हत्या के प्रयास, आपराधिक षड्यंत्र व आर्म्स एक्ट उल्लंघन में संलिप्त होने के आरोप हैं। कोलकाता पुलिस की ओर से दर्ज मुकदमे के आधार पर ईडी ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
ईडी के अनुसार, आरोपित व्यक्तियों, जिनमें विश्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू भी शामिल है, पश्चिम बंगाल राज्य में संगठित आपराधिक गिरोह की गतिविधियों में संलिप्त थे और सिंडिकेट संचालन के माध्यम से अवैध रूप से भारी धनराशि अर्जित कर रहे थे। सोना पप्पू कोलकाता के गोलपार्क के निकट कंकुलिया रोड पर हुई एक हिंसा के मामले में भी पुलिस की ओर से वांछित है और वर्तमान में फरार है।
