जानें आशा और लता ने साथ गाए कितने गाने, ‘मन क्यों बहका’ गाने का ये किस्सा चौंका देगा आपको

0
bc90ea153b02b0130533c50d1bc3ba24

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय संगीत जगत में जब भी सुरों की बात होती है, तो दो नाम सबसे पहले सामने आते हैं- लता मंगेशकर और आशा भोसले। आज ये दोनों दिग्गज गायिका दुनिया में नहीं हैं, लेकिन इन्होंने साथ मिलकर कई ऐसे सुपरहिट गाने दिए, जो आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। आशा भोसले के निधन की खबर के बीच उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह इस बात का खुलासा करती नजर आ रही हैं कि उन्होंने और लता मंगेशकर ने साथ में मिलकर कितने गाने गाए है। दरअसल, यह वीडियो सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल’ का है। शो के दौरान उन्होंने बताया कि लता दीदी और उन्होंने मिलकर 92 या 93 गाने गाए हैं। पुराने दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, ”जब भी हम साथ में गाना गाते थे, तो हम एक-दूसरे की ओर देखते थे। मेरी हमेशा कोशिश रहती थी कि मैं लता दीदी से कभी कम न पड़ूं।”
शो के दौरान आशा भोसले ने मशहूर गीत ‘मन क्यों बहका रे बहका आधी रात को’ गाकर भी सुनाया। इस दौरान खास बात यह रही कि उन्होंने उन हिस्सों को लता मंगेशकर के अंदाज में गाने की कोशिश की, जो असल में स्वर कोकिला ने गाए थे।
इस प्रदर्शन ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। आशा भोसले ने एक दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया, ”इस गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान जब मैंने ‘आधी रात’ वाली लाइन को थोड़ी अलग लय में गाया, तो लता दीदी ने चश्मा उठाकर मेरी तरफ देखा और गर्दन हिलाकर मेरी तारीफ की।” यह पल मेरे लिए बेहद खास था।
दोनों बहनों ने साथ मिलकर कई यादगार गीत दिए, जिनमें ‘मनभावन के घर जाए गोरी’, ‘मन क्यों बहका रे बहका आधी रात को’, ‘मैं चली मैं चली देखो प्यार की गली’, ‘सखी रे सुन बोले पपीहा’, ‘छाप तिलक सब छीनी’ जैसे गाने शामिल हैं। इन गानों ने न सिर्फ उस दौर में लोकप्रियता हासिल की, बल्कि आज भी लोगों की पसंदीदा गानों में शुमार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *