पहले दिन तीन घंटे के खराब खेल से हमें नुकसान हुआ: विशाल उप्पल

0
sdfr3ewdwqsa

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय कप्तान विशाल उप्पल ने बिली जीन किंग कप (बीजेकेसी) टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशिनिया ग्रुप एक में अपनी टीम के तीसरे स्थान पर रहने के लिए पहले दिन ‘तीन घंटे के खराब खेल’ को जिम्मेदार ठहराया जिससे भारत विश्व ग्रुप प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने से चूक गया। भारत ग्रुप एक में ही रहेगा जबकि शीर्ष पर रहने वाली दो टीम थाईलैंड और इंडोनेशिया ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया।
एक सप्ताह के उतार-चढ़ाव भरे प्रदर्शन पर बात करते हुए उप्पल ने कहा कि थाईलैंड के खिलाफ धीमी शुरुआत एक कड़े मुकाबले में महंगी साबित हुई।
उप्पल ने शनिवार को फाइनल मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 2-1 से हराने के बाद कहा, ‘‘सबसे बड़ी खुशी तो यही है कि हमने कोरिया को हरा दिया। लेकिन दुख की बात यह है कि हमने सप्ताह की शुरुआत में तीन घंटे खराब टेनिस खेली, जिसकी वजह से हम प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाए।’’ भारत ने क्वालीफाई करने की उम्मीदों के साथ टूर्नामेंट में प्रवेश किया था, लेकिन थाईलैंड के खिलाफ हार उसे भारी पड़ी।
उप्पल ने कहा, ‘‘अभी बहुत दुख हो रहा है। प्रतियोगिता से पहले हम जानते थे कि क्वालीफाई करने के लिए हमें थाईलैंड और कोरिया को हराना होगा। अगर हमने पहले दिन दो-तीन घंटे खराब टेनिस नहीं खेली होती तो कहानी कुछ और ही होती।’’
थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में वैष्णवी अडकर पहले एकल मैच में हार गईं। इसके बाद बारिश से प्रभावित दूसरे एकल मैच में सहजा यमलापल्ली को हार का सामना करना पड़ा। थाईलैंड ने इंडोनेशिया को पीछे छोड़ते हुए तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत को इंडोनेशिया से भी करीबी हार का सामना करना पड़ा। सीनियर खिलाड़ी अंकिता रैना ने कहा कि रैंकिंग की परवाह किए बिना देश की तरफ से खेलने का एक अलग उत्साह होता है।
अंकिता ने कहा, ‘‘देश के लिए खेलना वाकई सौभाग्य की बात है। ऐसे मौके बार-बार नहीं मिलते। कोर्ट पर रहते हुए मेरे दिमाग में बस एक ही बात थी कि मैं टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूं।’’ टीम को अपनी युगल जोड़ियों से सकारात्मक संकेत मिले, जिसमें रैना और रुतुजा भोसले ने एशियाई खेलों सहित आगामी महाद्वीपीय प्रतियोगिताओं से पहले अपनी जोड़ी बनाए रखने में दिलचस्पी दिखाई।
भोसले ने कहा, ‘‘‘हम पहले भी साथ खेल चुके हैं और हमारा तालमेल अच्छा है। किसी ऐसी खिलाड़ी के साथ कोर्ट साझा करना हमेशा मजेदार होता है जिसे आप वर्षों से जानते हैं।’’ युवा खिलाड़ी वैष्णवी ने कहा कि इस सप्ताह उन्हें दबाव वाली परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन करने का हौसला मिला। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यहां सबसे बड़ी सीख है कि मैंने दबाव से निपटना सीखा। शुरुआत में मुझे थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ-साथ मैंने सुधार किया।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *