बेटे ने ही पिता और चाचा को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

0
bcfc520dbaa1663998edaf6ecda38f72

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: द्वारका जिले के उत्तम नगर थाना क्षेत्र में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस हत्याकांड में मृतक के ही बेटे को आरोपित पाया गया है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब के नशे में हुए विवाद के बाद आरोपित ने अपने पिता और चाचा की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने मंगलवार काे बताया कि चार अप्रैल को मोहन गार्डन स्थित एक मकान में दो लोगों के मृत पाए जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि देवेंद्र कुमार (50) और उनके भाई अमित (48) के शव कमरे में पड़े थे। कमरे का सामान बिखरा हुआ था और वहां शराब व बीयर की खाली बोतलें भी मौजूद थीं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए झगड़े का प्रतीत हुआ। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और एफएसएल की टीम को बुलाया गया, जिन्होंने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि दोनों की मौत अंदरूनी चोटों के कारण हुई, जो गंभीर मारपीट के चलते लगी थीं।
पुलिस उपायुक्त ने आगे बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने मकान मालिक नरेश कुमार का बयान दर्ज किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने हाल ही में यह मकान देवेंद्र कुमार को नाै हजार रुपये मासिक किराए पर दिया था। देवेंद्र अपने भाई अमित और बेटे ईश्वर के साथ यहां रहने आए थे।
नरेश कुमार के अनुसार, तीन अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे उन्हें घर में झगड़े की सूचना मिली थी। जब वह अपने बेटे के साथ मौके पर पहुंचे तो दरवाजा ईश्वर ने खोला, जो नशे में था। उन्होंने उसे समझाकर मामला शांत कराया और वापस लौट आए। लेकिन कुछ देर बाद उन्हें सूचना मिली कि ईश्वर ने अपने पिता और चाचा की हत्या कर दी है। घटना के बाद आरोपित ईश्वर फरार हो गया था। पुलिस ने लगातार प्रयास कर सात अप्रैल को उसे मोहन गार्डन इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *