फिश ऑयल कैप्सूल से शरीर को मिलते हैं ये बेहतरीन फायदे, जानें किन लोगों को ज़रूर लेना चाहिए?
लाइफस्टाइल डेस्क { गहरी खोज }: अक्सर आपने लोगों को कहते सुना होगा कि फिश ऑयल सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर यह इतना खास क्यों माना जाता है? कई लोग इसे रोज़ लेते हैं, फिर भी इसके फायदे से अनजान होते हैं. चलिए जानते हैं इसके फायदे और किन लोगों को यह सप्लीमेंट ज़रूर लेना चाहिए?
फिश ऑयल में कौन सा पोषक तत्व होता है?
फिश ऑयल सप्लीमेंट्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड होते हैं, मुख्य रूप से EPA और DHA, जिनकी आपके शरीर को कई बुनियादी कामों के लिए ज़रूरत होती है। क्योंकि ज़्यादातर खान-पान में पर्याप्त ओमेगा-3 नहीं मिल पाता, इसलिए सप्लीमेंट्स अक्सर उस कमी को पूरा करते हैं।
सेहत को मिलते हैं कौन से फायदे?
दिल की सेहत: फिश ऑयल रक्त में ट्राइग्लिसराइड्स को 15-30% तक कम कर सकता है। ट्राइग्लिसराइड खून में पाया जाने वाला एक तरह का फैट होता है। ज़्यादा ट्राइग्लिसराइड होने से अक्सर दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
दिमाग की सेहत: फिश ऑयल सप्लीमेंट्स से याददाश्त, एकाग्रता को बेहतर बनाने में मदद मिलती है। ये ओमेगा-3 फैटी एसिड का एक समृद्ध स्रोत हैं, जो मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक माने जाते हैं
जोड़ों का दर्द: फिश ऑयल में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड जोड़ों की सूजन और अकड़न को कम करने में सहायक हैं। यह रूमेटाइड अर्थराइटिस और ऑस्टियोआर्थराइटिस से होने वाली सुबह की अकड़न व जोड़ों के दर्द से राहत दिलाने में मदद करता है।
आँखों की सेहत में मददगार: आँखों के ठीक से काम करने के लिए DHA की भी ज़रूरत होती है। ऐसे में फिश ऑयल का सही मात्रा में सेवन करने से रेटिना की सेहत बनी रहती है और देखने में आसानी होती है, खासकर उन लोगों के लिए जो स्क्रीन पर ज़्यादा समय बिताते हैं।
त्वचा की सेहत में सुधार: हेल्दी फैट त्वचा को मुलायम बनाए रखने में मदद करते हैं। ओमेगा-3 त्वचा की बाहरी परत को मज़बूत बनाते हैं, जिससे नमी का स्तर बना रहता है और सूखापन दूर रहता है।
फिश ऑयल सप्लीमेंट किसे ज़रूर लेना चाहिए?
जो लोग बहुत कम सीफूड खाते हैं, उन्हें अपने डाइट में यह सप्लीमेंट ज़रूर शामिल करना चाहिए है क्योंकि उनके डाइट में ओमेगा-3 की मात्रा कम रहती है। लंबे समय तक बैठे रहने वाले कर्मचारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे लोग भी इसका सेवन कर सकते हैं।
