नरवल हत्याकांड: आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से भड़के परिजन, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

0
c8a444e71a1639a5e7f2add8aaed4427

कैथल{ गहरी खोज }: जिले के गांव नरवल में 34 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को मृतक संदीप के परिजन लघु सचिवालय पहुंचे और एसपी से मिलकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
मृतक की पत्नी रीना ने बताया कि उसके पति की हत्या को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वे कई बार पुलिस अधिकारियों से मिल चुके हैं, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। रीना ने प्रशासन से मांग की कि हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर परिवार को न्याय दिलाया जाए। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार करीब नाै दिन पहले गांव नरवल में चार आरोपियों ने डंडों और लाठियों से हमला कर संदीप की हत्या कर दी थी। मृतक की पत्नी ने पड़ोस के युवक रजत और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में बताया गया कि आरोपी रजत महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने की नीयत से उनके घर में घुसा था। विरोध करने पर उसने महिलाओं के साथ मारपीट की और फरार हो गया।
आराेप है कि जब महिलाएं आरोपी के घर शिकायत करने गईं तो रजत और उसके परिवार ने उनके साथ फिर मारपीट की और बच्चों को भी थप्पड़ मारे। शाम को जब संदीप काम से घर लौटा और पुलिस में शिकायत देने जा रहा था, तो आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल गिरा दी, जिससे वह गली में छाती के बल गिर गया और उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
राजौंद थाना के एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपी रजत, उसके पिता, मां और बहन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *