महिला ने खेत व युवती ने कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी

0

राजगढ़{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर महिला और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे और मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
पहली घटना राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम झंझाड़पुरा की है, जहां 35 वर्षीय ममताबाई पत्नी बीरमसिंह तंवर का शव गुरुवार को खेत में पेड़ के पास संदिग्ध हालत में मिला। जानकारी के अनुसार घटना के समय महिला खेत पर अकेली थी, जबकि उसके परिजन बाजार गए थे। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। कोतवाली पुलिस ने महिला के पति बीरमसिंह की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग कायम किया है। मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति का अभी पता नहीं चल सका है और जांच जारी है।
दूसरी घटना नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के बग्गीवाला मोहल्ले की है। यहां 23 वर्षीय युवती पूर्ति पुत्री निर्भयसिंह राजपूत गुरुवार को अपने घर के कमरे में मृत अवस्था में मिली। बताया गया कि देर शाम वह अपनी मां के साथ मंदिर से लौटी थी। इसके बाद उसने फोन पर अपने पिता से बातचीत की। कुछ देर बाद जब मां ऊपर गई तो युवती को कमरे में गंभीर स्थिति में पाया, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में किसी ठोस कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। दोनों मामलों में विस्तृत जांच जारी है ताकि मौत की परिस्थितियों का स्पष्ट कारण सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *