मोतिहारी कांड में असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी : चिराग पासवान

0
29ed5a11be332a485a9bf30ed8cb3fb0

पटना{ गहरी खोज }: बिहार के मोतिहारी शराब कांड में विपक्ष के निशाने पर नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार आ गई है। विपक्ष का दावा है कि सरकार की शराबबंदी कानून पूरी तरह से विफल साबित हुई है। विपक्ष के दावे पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने दावा किया कि असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई होना जरूरी है।
मोतिहारी शराब कांड को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि मोतिहारी में जहरीली शराब के कारण चार लोगों की मौत, छह लोगों की आंखों की रोशनी चले जाना और कई लोगों की हालत गंभीर होना अत्यंत दुखद है। यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है।
तेजस्वी के बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि यह प्रशासन या सरकार की विफलता नहीं है बल्कि ऐसे असामाजिक तत्वों को पकड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जब भी ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, सरकार ने तुरंत कार्रवाई की है। हालांकि, इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए चर्चा की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जहरीली शराब का मुद्दा हमेशा से ही चिंता का विषय रहा है। कई ऐसे असामाजिक तत्व हैं जो अपने निजी फायदे के लिए जहरीली शराब का निर्माण अवैध तरीके से करते हैं या इसे सीमावर्ती इलाकों से मंगाते हैं। हम लोगों ने इस पर चिंता व्यक्त की है। शराबबंदी एक जायज सोच है लेकिन इस आड़ में इसे चलाने वालों पर कैसे नकेल कसी जाए, इस पर गंभीरता से चर्चा होनी चाहिए।
महिला आरक्षण बिल पर संसद के विशेष सत्र के बारे में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि यह मेरी सरकार और पीएम मोदी की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दिखाता है। जब नई संसद भवन का उद्घाटन हुआ था, तब भी ‘नारी शक्ति अधिनियम’ पेश करने के लिए एक विशेष सत्र बुलाया गया था। उस समय विपक्ष ने कहा था कि यह सिर्फ एक दिखावा है और चुनावों से पहले इसे लागू नहीं किया जाएगा, जिससे भ्रम फैल गया था।
उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि यह सिर्फ प्रतीकात्मक नहीं था बल्कि हम इसे लेकर गंभीर हैं। महिलाओं की आबादी कुल आबादी का आधा हिस्सा है और उनका उचित प्रतिनिधित्व एक लंबे समय से चली आ रही मांग रही है। हमारी पार्टी ने हमेशा इसका समर्थन किया है और मेरे पिता राम विलास पासवान के समय से ही हम महिला आरक्षण बिल को जल्द से जल्द लागू करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *