एक साल से फरार धोखाधड़ी का आरोपी मथुरा के बरसाना से गिरफ्तार

0
079dc2b6a63b5a863cac1266355174bb

हरिद्वार{ गहरी खोज }: करीब एक वर्ष से धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को हरिद्वार पुलिस ने साेमवार काे देर शाम उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के बरसाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार 12 जून 2025 को गजेन्द्र सिंह नेगी पुत्र अमर सिंह नेगी, निवासी शिवलोक कॉलोनी रानीपुर, कोतवाली रानीपुर जनपद हरिद्वार ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर बताया था कि संजीत कुमार पुत्र रामपाल, मूल निवासी ग्राम नारनौंद थाना नारनौंद जिला हिसार (हरियाणा) ने उनसे बिजनेस में निवेश के नाम पर करीब 20 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी की है। तहरीर के आधार पर कोतवाली नगर हरिद्वार में आरोपित संजीत कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आरोपी की तलाश में मोबाइल नंबरों की संभावित लोकेशन खंगाली और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। लगातार सुरागरसी और मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद स्थित बरसाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीत कुमार पुत्र रामपाल, मूल निवासी ग्राम नारनौंद थाना नारनौंद जिला हिसार (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *