खूंटी में रामनवमी पथराव घटना की जांच के लिए भाजपा ने छह सदस्यीय समिति की गठित
रांची{ गहरी खोज }: रामनवमी के दौरान खूंटी जिले के मुरहू क्षेत्र में हुई पथराव की घटना को गंभीरता से लेते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने मंगलवार को एक छह सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। गठित जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि वह शीघ्र ही मुरहू (खूंटी) पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करे। समिति स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना के कारणों, परिस्थितियों और इससे जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जानकारी एकत्र करेगी। इसके साथ ही समिति को जल्द से जल्द अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपने का निर्देश भी दिया गया है। इस जांच समिति में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद और बालमुकुंद सहाय, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा तथा सीमा शर्मा के नाम प्रमुख हैं। भाजपा प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि इस जांच के माध्यम से घटना की सच्चाई सामने आएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकेंगे।
