कारागार में निरुद्ध सभी बंदियों को पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जाएं निर्धारित सुविधाएं : जिला जज
जौनपुर{ गहरी खोज }: यूपी के जौनपुर में जनपद न्यायाधीश सुशील कुमार शशि की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए सुरक्षा, साफ-सफाई और बंदियों की सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान बंदियों के रहन-सहन, खान-पान, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनपद न्यायाधीश ने निर्देशित किया कि कारागार में निरुद्ध सभी बंदियों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं समय से और पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि बंदियों के अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कारागार परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने, बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण तथा भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं शासन के मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। इस दौरान दिव्यांग बंदियों के लिए भी विशेष पहल की गई। पात्रता के आधार पर तीन दिव्यांग बंदियों को व्हीलचेयर और तीन को बैसाखी वितरित की गई, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सहूलियत मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता यादव, जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी, जेलर अजय कुमार तथा जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी दिव्या शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
