ठक्कर बापा मध्य विद्यालय बनेगा मॉडल स्कूल

0
fcebb81b6a67d852dc7f367d493fa509

पूर्वी सिंहभूम{ गहरी खोज }: बिष्टुपुर स्थित ठक्कर बापा मध्य विद्यालय, धातकीडीह को जल्द ही मॉडल स्कूल के रूप में विकसित होगा। इस संबंध में राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया है। यह जानकारी जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दी। सोमवार को सरयू राय की अध्यक्षता में विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें छात्र संसद के सदस्य और अभिभावक भी शामिल हुए। बैठक में विद्यालय के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और सर्वसम्मति से इसे मॉडल स्कूल बनाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान कहा गया कि मॉडल स्कूल बनने से न केवल विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि अधिक से अधिक छात्रों का नामांकन भी बढ़ेगा और विद्यालय की पहचान भी मजबूत होगी। इसके लिए राज्य सरकार को विस्तृत प्रस्ताव भेजा जाएगा।
इसके अलावा विद्यालय परिसर के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण फैसले भी लिए गए। स्कूल के सामने स्थित मैदान को बच्चों के खेलकूद के लिए उपयुक्त बनाने पर सहमति बनी। साथ ही विद्यालय में संचालित यूआरसी कार्यालय के लिए अलग रास्ता तैयार करने का निर्णय लिया गया,ताकि बाहरी लोगों की आवाजाही से पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न हो। वर्तमान में इस कारण पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने विद्यालय के विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया और जल्द से जल्द प्रस्ताव को आगे बढ़ाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *