भोपाल में ‘बेटा’ कहने पर भड़का बदमाश, होटल संचालक की चाकू घोंपकर हत्या

0
b00cc59f70f0fd08cbc7937e6c97f27c

भोपाल{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में रविवार देर रात मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 35 वर्षीय होटल संचालक की ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश के बाद चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और साेमवार सुबह परिजनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस के अनुसार, सुभाष कॉलोनी निवासी विजय मेवाड़ा अशोका गार्डन और कोलार क्षेत्र में चाय की दो होटल चलाता था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे वह होटल बंद कर कर्मचारियों को प्रगति नगर छोड़ने गया था। यहीं उसकी मुलाकात मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम और उसके साथियों फरमान, कालू व इमरान से हुई। सभी आरोपी मृतक के कर्मचारियों के पुराने परिचित बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने का दबाव बनाया, लेकिन मना करने पर उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी।
विजय ने बीच-बचाव करते हुए आरोपी आसिफ को ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश की। इसी बात पर वह भड़क गया और उसने चाकू निकालकर विजय के पेट में वार कर दिया। उसके साथियों ने भी मारपीट की और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विजय को कर्मचारी और स्थानीय लोग फौरन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर आधी रात को अशोका गार्डन और कोहेफिजा थाने की पुलिस भारी संख्या में पहुंची। पुलिस ने हत्या के मामले में दो-तीन संदेहियों को हिरासत में ले लिया, लेकिन मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अवधेश गोस्वामी समेत कई थानों के टीआई, एसीपी और एडिशनल डीसीपी मामले की जांच में जुटे हैं।
सोमवार सुबह गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अशोका गार्डन थाने का घेराव कर हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। हिंदू संगठनों ने प्रदर्शनकारियों को समर्थन दिया। इसी क्रम में सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम भी किया गया, जो पुलिस की समझाइश पर आधे घंटे बाद हटा। हमीदिया मॉर्चरी के बाहर भी हंगामा हुआ, जहां पुलिस बल तैनात है। मुख्य आरोपी की तलाश में टीमें छापेमारी कर रही हैं। इलाके में स्पेशल फोर्स तैनात की गई है। मामूली विवाद में हुई इस हत्या ने राजधानी में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *