दुमका होटल में मदरसा शिक्षक की संदिग्ध मौत, महिला हिरासत में

0
202603263721924

दुमका{ गहरी खोज }: झारखंड की उपराजधानी दुमका के नगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में गुरुवार को एक शख्स का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोड्डा जिले के बोआरिजोर थाना के अंतर्गत सकरीकित्ता रामपुर निवासी मोहम्मद सादिक हुसैन अंसारी के रूप में हुई है। वह गोड्डा जिले के एक मदरसे में शिक्षक का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार, सादिक हुसैन दुधानी टॉवर चौक स्थित होटल के कमरे में एक महिला के साथ ठहरे हुए थे। होटलकर्मियों द्वारा कमरे में एक व्यक्ति के अचेत होने की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस गुरुवार सुबह मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह तथ्य सामने आया है कि सादिक हुसैन और उनके साथ कमरे में ठहरी महिला के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे। पुलिस ने मौके से महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि गुरुवार को खाना खाने के बाद कमरे में लौटते ही सादिक की तबीयत अचानक से बिगड़ गई और वे तड़पने लगे।
कुछ देर बाद जब वे शांत हो गए तो उसे लगा कि वे सो गए हैं, लेकिन काफी समय तक कोई हलचल न होने पर उसने शोर मचाया और होटल कर्मियों को इसकी जानकारी दी। नगर थाना पुलिस मामले की हर संभावित पहलू से तफ्तीश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह प्राकृतिक मृत्यु का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश तो नहीं है।
होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस हिरासत में ली गई महिला से उनके संबंधों और दुमका आने के उद्देश्य को लेकर पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *