आरईसी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.6 लाख करोड़ रुपये बाजार से उधार लेने की दी मंजूरी

0
102488-rec

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: सार्वजनिक क्षेत्र की आरईसी लिमिटेड के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1.6 लाख करोड़ रुपये के बाजार से उधार लेने के कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि 25 मार्च को हुई निदेशक मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। सूचना के अनुसार, 1,60,000 करोड़ रुपये के बाजार उधार में से 1,40,000 करोड़ रुपये तक की राशि पूंजीगत लाभ कर छूट वाले बॉन्ड, घरेलू ऋणपत्र, रुपये में सावधि ऋण एवं बाह्य वाणिज्यिक उधार (ईसीबी) जारी करके जुटाई जा सकती है।
इसके अलावा, उधारी कार्यक्रम के तहत लघु अवधि के ऋण एवं वाणिज्यिक पत्र (कमर्शियल पेपर) के माध्यम से 10,000-10,000 करोड़ रुपये तक की राशि भी जुटाई जा सकती है। कंपनी ने कहा कि यह धनराशि विभिन्न परिपक्वता अवधि और अलग-अलग वित्तीय साधनों के जरिये, वास्तविक धन आवश्यकता, परिसंपत्ति-दायित्व स्थिति एवं बाजार की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जुटाई जाएगी। इसके लिए आवश्यक स्वीकृति निदेशक मंडल द्वारा सौंपे गए अधिकारों के अनुसार सक्षम प्राधिकारी से ली जाएगी। इसमें कहा गया कि आरईसी लिमिटेड के निदेशक मंडल ने 25 मार्च को हुई बैठक में अन्य विषयों के साथ-साथ वित्त वर्ष 2026-27 के लिए कंपनी के बाजार उधार कार्यक्रम पर विचार कर उसे मंजूरी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *