नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एआई निगरानी और क्यूआर एंट्री सिस्टम लागू होगा:अश्विनी वैष्णव

0
17fa484119663b6c6f1cd1ab15ec79d7

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को रेल भवन में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रियों की सुविधाओं, सुरक्षा और स्टेशन प्रबंधन से जुड़े उपायों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से सुधारों की शुरुआत करते हुए इन्हें समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
रेल मंत्रालय के अनुसार बैठक में स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, प्रवेश नियंत्रण, तकनीक आधारित निगरानी और यात्री सुविधा बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। ये सभी सुधार पहले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लागू किए जाएंगे और बाद में अन्य स्टेशनों पर विस्तार किया जाएगा।
स्टेशन परिसर में एआई आधारित कैमरा नेटवर्क स्थापित किया जाएगा, जो प्लेटफॉर्म, प्रवेश-निकास द्वार और संवेदनशील क्षेत्रों की चौबीसों घंटे निगरानी करेगा। एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया जाएगा, जहां एआई के जरिए असामान्य गतिविधियों की तुरंत पहचान कर अलर्ट जारी किया जाएगा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तैनाती भी बढ़ाई जाएगी।
स्टेशन पर कार्यरत सभी रेलवे और गैर-रेलवे कर्मचारियों के लिए रंग-कोडेड फ्लोरोसेंट जैकेट और अनिवार्य पहचान पत्र लागू किए जाएंगे, जिससे यात्रियों और सुरक्षा एजेंसियों को कर्मचारियों की पहचान में आसानी होगी।
दीपावली और छठ पूजा के दौरान संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर क्यूआर कोड आधारित प्रवेश प्रणाली शुरू की जाएगी। इससे केवल वैध टिकटधारकों को ही स्टेशन में प्रवेश मिलेगा और भीड़ को नियंत्रित किया जा सकेगा।
यात्रियों को बेहतर अंतिम मील कनेक्टिविटी देने के लिए रेलवन ऐप को भारत टैक्सी के साथ जोड़ा जाएगा। यह पहल स्टेशन के बाहर अव्यवस्था कम करने और पारदर्शी परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद करेगी। देश के 76 स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया विकसित किए जा रहे हैं, जहां अनारक्षित यात्री नियंत्रित तरीके से प्लेटफॉर्म पर प्रवेश कर सकेंगे। साथ ही स्पष्ट साइनज और बेहतर ट्रेन सूचना प्रणाली भी विकसित की जाएगी। रेल मंत्रालय द्वारा इन सुधारों की सीधे निगरानी की जाएगी ताकि देश के व्यस्त रेलवे स्टेशनों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यात्री अनुकूल बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *