मणिपुर में अलग-अलग अभियान में आठ उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल{ गहरी खोज }: मणिपुर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों द्वारा बीते 24 घंटों के दौरान चलाए गये अभियानों में विभिन्न उग्रवादी संगठनों से जुड़े कुल 8 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों में कांगलीपाक पीपुल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी-प्रगतिशील (प्रीपाक-प्रो), कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी), पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) संगठनों से जुड़े हुए हैं।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा राज्य में उग्रवादियों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियानों से संबंधित बुधवार काे दी गयी जानकारी के अनुसार मणिपुर पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने मंगलवार को प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय सदस्य, लैशराम बिमोल सिंह उर्फ भाई (40) को हेइरोक पुलिस स्टेशन के अंतर्गत उसके इलाके से गिरफ्तार किया गया। कैडर थौबल जिले के सालुंगफाम कांगथोकचाओ मानिंग लेइकाई का रहने वाला बताया गया है। उसके पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
दूसरे अभियान में मणिपुर पुलिस ने केसीपी (एमएफएल) के एक सक्रिय सदस्य लीमापोकपाम संजीत सिंह उर्फ नाओबी (54) को इंफाल पूर्वी जिले के पोरोमपत पुलिस स्टेशन अंतर्गत लीमापोकपाम लेइराक से गिरफ्तार किया गया। कैडर इसी इलाके का रहने वाला बताया गया है।
तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने केसीपी (अपुनबा गुट) के एक सक्रिय सदस्य सोरैशाम रंजीत मैतेई (50) को गिरफ्तार किया गया। कैडर इंफाल पूर्वी जिले के पोरोमपत पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कोंगपाल साजोर लेइकाई का रहने वाला है। उसे उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
चौथे अभियान में सुरक्षा बलों ने प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय सदस्य सलाईंगम्बा एलांगबम उर्फ बोंगाम्बा (24) को तेंगनौपाल जिले के मोरेह पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मोरेह से गिरफ्तार किया गया। कैडर काकचिंग जिले के वाबागई तेरापिशाक का निवासी बताया गया है।
पांचवें अभियान में मणिपुर पुलिस ने प्रीपाक (प्रो) के एक सक्रिय सदस्य मोइरांगथेम बसंता उर्फ बा मैतेई (52) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। कैडर इंफाल पश्चिमी जिले के लामसांग पुलिस स्टेशन अंतर्गत ताओथोंग मामंग लेइकाई का रहने वाला बताया गया।
छठे अभियान में सुरक्षा बलों ने बीपी-75 और बीपी-80 के बीच के इलाके से पीएलए के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। आरोपितों की पहचान थोकचोम ओलेन सिंह उर्फ थावैलकपा (18) जो इंफाल पश्चिमी जिले के मोइदांगपोक खुनौ का रहने वाला है, एक किशोर सदस्य जो बिष्णुपुर जिले के नामबोल लांगपोक मायाई लेइकाई का रहने वाला है और हियांगथांग ममांग लेइकाई काकचिंग जिले के अहेइबाम निकी उर्फ अरूबा (28) के रूप में की गयी है। पुलिस अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार उग्रवादियों से सघन पूछताछ कर रही है।
