उज्जैन को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 4-लेन कॉरिडोर को मंजूरी
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केन्द्र सरकार ने उज्जैन को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले 3,839 करोड़ रुपये के 4-लेन कॉरिडोर को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने आज बैठक में उक्त आशय के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की। मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी राष्ट्रीय मीडिया केन्द्र में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी। मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के बदनवार-पेटलावाड़-थंदला-तिमारवानी खंड (एनएच-752डी) के 4-लेन निर्माण को हाइब्रिड वार्षिकी मोड पर तैयार किया जाएगा। इस परियोजना में 80.45 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर का निर्माण शामिल है। यह कॉरिडोर उज्जैन से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के तिमारवानी इंटरचेंज तक निर्बाध 4-लेन सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। परियोजना का उद्देश्य यात्रा सुगम बनाना और इसमें लगने वाले समय में लगभग एक घंटे की कमी करना है।
