होलिका दहन व धुलंडी को लेकर यातायात पुलिस अलर्ट

0
9f66b018e4e74ce8d17b580c58d39b02

जयपुर{ गहरी खोज }: होली और धुलंडी पर्व के मद्देनजर यातायात पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। साथ कहा गया है कि शराब पीकर ड्राइविंग पर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपायुक्त जयपुर शहर यातायात (डीसीपी ट्रैफिक) सुमित मेहरड़ा ने बताया कि होलिका दहन के कारण बाजारों और मुख्य मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ सकता है, ऐसे में आमजन से नियमों की पालना करने की अपील की गई है। एडवाइजरी के अनुसार होलिका दहन मुख्य सड़कों से दूर किया जाए। पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, होटल, लकड़ी गोदाम जैसे ज्वलनशील स्थानों के समीप दहन नहीं किया जाए। दहन स्थलों के पास वाहन पार्किंग से बचें। शराब पीकर वाहन न चलाएं, आवश्यकता होने पर टैक्सी का उपयोग करें। धूलंडी के दिन किसी पर जबरदस्ती रंग डालने, हुड़दंग करने या धार्मिक एवं संवेदनशील स्थलों पर रंग लगाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। ध्वनि प्रदूषण नियमों के तहत ही डीजे व साउंड सिस्टम संचालित होंगे। रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करना भी प्रतिबंधित रहेगा। माणक चौक, रामगंज और सुभाष चौक थाना क्षेत्रों सहित कुछ संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण वाहन व अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है।
साइबर ठगी को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। होली के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑफर से बचें। व्हाट्सएप, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने के निर्देश दिए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए परिवहन विभाग को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
किसी भी यातायात दुर्घटना या आपात स्थिति में यातायात पुलिस हेल्पलाइन 1095, 0141-2577717, व्हाट्सएप नंबर 8764866972, यातायात नियंत्रण कक्ष 0141-2565630, 0141-2561256 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम 100 पर संपर्क कर सहायता ली जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *