2006 से 2026 तक इजराइल के साथ मजबूत होते संबंध, पीएम मोदी की यात्रा अहम

0
full46903

नई दिल्ली { गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इजराइल यात्रा पर हैं। यह दौरा कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे, जो नेसेट को संबोधित करेंगे। इस बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘मोदी आर्काइव’ नामक अकाउंट ने उनकी इजराइल यात्राओं से जुड़ी महत्वपूर्ण तस्वीरें और जानकारियां साझा की हैं।
‘मोदी आर्काइव’ के अनुसार नरेंद्र मोदी ने 2006 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहला इजराइल दौरा किया था। वे इजराइल की अंतरराष्ट्रीय कृषि प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी एग्रीटेक-2006 में भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ शामिल हुए थे, जिसमें कृषि क्षेत्र से जुड़े मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
बतौर मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत-इजराइल बिजनेस फोरम में ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ (एक बूंद अधिक फसल) के साथ गुजरात का कृषि विजन प्रस्तुत किया। बाद में यही विचार राष्ट्रीय स्तर पर नीति की दिशा बना। गुजरात प्रतिनिधिमंडल की आंतरिक रिपोर्ट में उनके प्रेजेंटेशन को सर्वाधिक सराहना मिलने का उल्लेख किया गया।
11 वर्ष बाद 2017 में प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने इजराइल का दौरा किया। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली द्विपक्षीय इजराइल यात्रा थी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ तेल अवीव स्थित डेंजीगर फ्लावर फार्म का दौरा किया, जहां एक सफेद गुलदाउदी का नाम ‘मोदी’ रखा गया था।
यात्रा के दौरान कृषि क्षेत्र में तीन वर्षीय कार्य कार्यक्रम पर हस्ताक्षर किए गए, जिसे उस पहल का औपचारिक रूप माना गया जिसकी नींव 2006 में रखी गई थी। मुख्यमंत्री स्तर पर शुरू हुआ सहयोग प्रधानमंत्री स्तर पर सरकार-से-सरकार साझेदारी में विकसित हुआ।
मोदी आर्काइव के अनुसार 2006 और 2017 की यात्राओं को जोड़ने वाली कड़ी कृषि और जल संसाधन प्रबंधन रहा। इजराइल ने ड्रिप सिंचाई, वेस्टवॉटर रीसाइक्लिंग और डीसैलिनेशन जैसी उन्नत तकनीकों का विकास किया, जिन्हें भारत के कृषि क्षेत्र के लिए उपयोगी माना गया।
9 वर्ष बाद 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर इजराइल पहुंचे हैं। इस बार भी भारत-इजराइल सहयोग का फोकस कृषि, जल प्रबंधन और खाद्य सुरक्षा पर रहने की उम्मीद है। दोनों देशों के बीच तकनीकी और कृषि नवाचार को लेकर सहयोग और मजबूत होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *