गृह मंत्री के कार्यक्रम को लेकर इंडो-नेपाल बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी

0
24e8b92049d8a15a08011ff62a37d585

अररिया{ गहरी खोज }: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गृह मंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए इंडो-नेपाल बॉर्डर पर निगरानी व्यवस्था पूरी तरह हाईटेक करते हुए अररिया से सटे लगभग 110 किलोमीटर लंबी सीमा पर एसएसबी ने अत्याधुनिक कैमरे और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम सक्रिय कर दिया है। अब सीमा पार करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का व्यक्तिगत विवरण डिजिटल रूप से दर्ज किया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा चौकियों पर फेस रीडिंग सिस्टम और आईडी स्कैनर कैमरे स्थापित किए हैं। भारत की ओर से आने-जाने वालों के आधारकार्ड तथा नेपाल के नागरिकों के नागरिकता कार्ड का मिलान डिजिटल माध्यम से किया जा रहा है। फोटो और पहचान पत्र की जानकारी कंप्यूटर सिस्टम में सुरक्षित की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति की जानकारी सिस्टम में दर्ज विवरण से मेल नहीं खाती है, तो उसे सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद अब सीमा पार करना पहले की तरह सहज नहीं रहेगा।
सीमा से गुजरने वाले वाहनों की भी विस्तृत जानकारी हाई-टेक कैमरों के माध्यम से रिकॉर्ड की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित नजर रखने के लिए चेक पोस्टों को तकनीकी रूप से और सशक्त बनाया गया है।दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसी की ओर से बॉर्डर पर संयुक्त गश्ती की जा रही है।
दोनों देशों की खुली सीमा की सुरक्षा का दायित्व एसएसबी के पास है, जो अब अत्याधुनिक तकनीक के सहारे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखे हुए है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम पूरी तरह एहतियातन उठाया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अवांछित घुसपैठ या संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *